लोनी कटरा, बाराबंकी। थाना लोनी कटरा की मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय पहल करते हुए घरेलू विवाद के चलते अलगाव की स्थिति में पहुंचे पति-पत्नी के बीच आपसी सुलह-समझौता कराकर एक परिवार को टूटने से बचाने का प्रयास किया है। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के तेजवापुर अंतर्गत पांचू का पुरवा निवासी लक्ष्मी पत्नी रोहित ने अपने पति रोहित कुमार के खिलाफ घरेलू विवाद और मारपीट के संबंध में थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोनी कटरा पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
तेजतर्रार उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने दिखाई सूझबूझ
उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल श्रीकान्ती एवं कांस्टेबल ममता राजपूत ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी। टीम ने आपसी बातचीत और काउंसलिंग के जरिए दोनों के बीच पैदा हुए मतभेद दूर कराने का प्रयास किया।
पुलिस टीम की समझाइश और सकारात्मक पहल का असर दिखाई दिया। काफी बातचीत के बाद पति-पत्नी आपसी मतभेद दूर कर एक साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम का आभार जताया और खुशी-खुशी अपने घर रवाना हो गए।
अपराध नियंत्रण के साथ परिवार जोड़ने में भी जुटी लोनी कटरा पुलिस
लोनी कटरा पुलिस का यह प्रयास दर्शाता है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि पारिवारिक विवादों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मिशन शक्ति टीम की इस पहल को क्षेत्र में सराहनीय कदम माना जा रहा है।