बाराबंकी। जनपद की लोनी कटरा थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और सराहनीय कार्य का परिचय देते हुए करीब एक साल से लापता युवक अंकित को सकुशल बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद बेटे के सकुशल वापस मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने लोनी कटरा पुलिस की इस सराहनीय पहल की जमकर प्रशंसा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित पुत्र स्वर्गीय अंबर निवासी ब्राह्मण का पुरवा, मजरे बड़ागांव, थाना बड्डूपुर, जनपद बाराबंकी पिछले करीब एक वर्ष से लापता था। युवक लोनी कटरा थाना क्षेत्र के जगतखेड़ा गांव निवासी राम सुमिरन पुत्र रामहर्ष के यहां काम करके अपना जीवन यापन कर रहा था।
08 नवंबर 2026 को पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद किया। इसके बाद लोनी कटरा पुलिस ने युवक को मिशन शक्ति केंद्र पर उसकी माता माया देवी पत्नी स्वर्गीय अंबर निवासी ब्राह्मण का पुरवा के सुपुर्द कर दिया।
करीब एक साल से बेटे की तलाश में परेशान मां को जब उसका बेटा सकुशल वापस मिला तो परिवार की खुशियां लौट आईं। लंबे इंतजार के बाद बेटे से मिलकर मां और परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने लोनी कटरा पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक श्रीनाथ यादव, महिला कांस्टेबल श्रीकांती एवं महिला आरक्षी ममता राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एक साल बाद बिछड़े बेटे को मां से मिलाने वाली लोनी कटरा पुलिस की कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस के इस कार्य ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा की मिसाल पेश की है।