जनपद बाराबंकी के त्रिवेदीगंज क्षेत्र स्थित बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बलाखेड़ा खैरवीरू में खाद की मांग के सापेक्ष आपूर्ति कम होने से किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। समिति पर वर्तमान में मात्र 400 बोरी खाद उपलब्ध है, जबकि लगभग 1000 किसान खाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में किसानों की जरूरत पूरी करना समिति के लिए चुनौती बन गया है।
खाद की सीमित उपलब्धता के चलते किसानों को वितरण के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में खाद की कमी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि जब बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं, तो आपूर्ति बढ़ाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग को ठोस कदम उठाने चाहिए।
समिति अध्यक्ष रमेश वर्मा से बातचीत में उन्होंने बताया कि शासन से जितना आवंटन प्राप्त हो रहा है, उसका वितरण नियमानुसार किया जा रहा है। अधिक मांग के कारण खाद वितरण में समय लग रहा है। उन्होंने बताया कि जिले स्तर पर खाद की आपूर्ति पर्याप्त है और सभी किसानों को खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।
**जिला प्रशासन से किसानों की मांग**
किसानों ने जिलाधिकारी बाराबंकी से मांग की है कि बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बलाखेड़ा खैरवीरू में खाद की अतिरिक्त आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित कराई जाए, जिससे किसानों को समय पर खाद मिल सके और खेती का कार्य प्रभावित न हो।
**अब सवाल यह है कि जब समिति पर 400 बोरी खाद है और करीब 1000 किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं, तो आखिर किसानों की जरूरत कैसे पूरी होगी? जिला प्रशासन इस समस्या का संज्ञान लेकर खाद की आपूर्ति कब बढ़ाएगा?**