Up
यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय (29) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रशांत पर युवती से लगातार चार साल तक दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप है। सिपाही किराए पर कमरा लेकर उसके साथ रहता था।
गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराया और शादी का झांसा देकर फिर उसे गर्भवती कर दिया। चार साल में युवती से अलग-अलग मौके पर हजारों रुपए भी लिए और उसके साथ मारपीट और जानलेवा हमले भी किए।
युवती के साथ लगातार संबंधों के बावजूद सिपाही ने गुपचुप तरीके से 25 अप्रैल को प्रयागराज में शादी रचा ली। शादी समारोह के लिए अवकाश लेकर जाने के बावजूद युवती के संपर्क में रहा।
सोशल मीडिया के दोस्त के जरिए जब युवती को सिपाही के शादी की फोटो मिली तो उसने प्रशांत राय से सवाल किए। युवती को फिर झांसा देने और उसके साथ ही रहने की बात करने लगा, इसके बाद पीड़िता ने 4 मई को सारनाथ थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपी सिपाही के खिलाफ केस दर्ज कराया।
मिर्जापुर के ड्रमंडगंज चंद्रगढ़ के रहने वाले प्रशान्त राय पुत्र त्रिलोक नारायण राय ने 8 साल पहले पुलिस ज्वाइन किया और उसकी वर्तमान तैनाती गाजीपुर में है। गाजीपुर पुलिस लाइंस और कई थानों में तैनाती के बाद उसे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का गनर बनाया गया।
वाराणसी के सारनाथ के बेनीपुर में आरोपी सिपाही ने एक कमरा किराए पर लिया और ओपी राजभर के साथ गनर बनकर चलने लगा। नौकरी के दौरान अजगरा थाना क्षेत्र की एक युवती से उसका प्रेम संबंध हो गया, युवती से बातचीत शुरू हुई।
इसके बाद प्रशांत राय बहाने से उसके घर आने जाने लगा लेकिन गैर जाति होने के कारण युवती के परिजनों को कम पंसद था। परिजनों की आपत्ति के बाद युवती सारनाथ क्षेत्र में युवक के कमरे पर रहने लगी।
युवती का आरोप है सिपाही प्रशांत राय के साथ चार साल से उसका संबंध है। उसके साथ 2 साल से पत्नी के तौर पर रह रही थी और दो बार गर्भवती हुई। छह महीने पहले गर्भवती हुई तो सिपाही पहले मिर्जापुर ले गया फिर गर्भपात के दबाव बनाया।
उसका कहना था कि बिना शादी मां बनने पर बात बिगड़ जाएगी, इस गर्भपात के बाद कुछ दिन अनबन रही फिर युवती दो महीने पहले गर्भवती हो गई। इस दौरान प्रशांत ने अपनी शादी तय कर ली और युवती के मां बनने के बाद प्रयागराज में दूसरी युवती से शादी रचा ली।